मन में दबा बदले का गुबार कब बारूद में बदल जाए इसका कोई अंदाजा भी नहीं लगा सकता। ऐसा ही एक मामला झुंझुनू जिले के मंड्रेला थाना अंतर्गत बजावा सुरोंका गांव में सामने आया। यहां एक शख्स ने डांट-फटकार से तंग आकर बुजुर्ग दंपती की हत्या कर दी। बीते दिनों हत्या का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गत दिनों हुई दंपती की हत्या के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक राजर्षि राज वर्मा ने भी मौका स्थल का मुआयना कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 टीमों का गठन किया था। इस पूरे प्रकरण के खुलासे के लिए पुलिस की टीम को लगभग 200 व्यक्तियों से पूछताछ पर लगभग 160 सीसीटीवी कैमरे भी खंगालने पड़े। डीएसटी टीम झुंझुनू और थाना मंड्रेला की पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा आज किया। पुलिस ने आरोपियों को चोरीसुदा मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।
आरोपियों में नवीन कुमार पुत्र हवा सिंह निवासी बजावा सुरोंका का रहने वाला है। वह मुख्य आरोपी है और बुजुर्ग दंपती के परिवार का ही है। उसने पारिवारिक रंजिश के चलते ही इस पूरी घटना को अंजाम दिया। इसमें उसने अपने साथी अर्पित निवासी गुड़गांव को साथ लिया। दोनों गुड़गांव में ही काम करते थे।
जांच के बाद खुलासे में सामने आया कि नवीन कुमार और बुजुर्ग दंपती के परिवार में जमीन के मामले को लेकर लंबे समय से रंजिश चल रही थी। वहीं, मुख्य आरोपी नवीन पहले मृतक के घर पर ही रहता था। काम में हाथ भी बटाता था। इस दौरान मृतक और उसके बेटे द्वारा कई बार नवीन कुमार को फटकार दिया जाता था। इस प्रकार से दोनों बाते ही इसके जहन में बैठ गईं। इसी के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।