फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झुंझुनू में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित ट्रक ने कार को मारी टक्कर, महिला सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत

Sat, 19 Sep 2026 02:33 PM IST
हिमांशु सिंह बघेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, झुंझुनू

सार

झुंझुनू के रघुनाथपुरा टोल के पास ब्रेकर पर धीमी हुई कार को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए। राहत कार्य के दौरान कार का गेट तोड़कर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
विज्ञापन
सांकेतिक फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झुंझुनू जिले में सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत रघुनाथपुरा गांव के पास भीषण सड़क हादसे में कार सवार महिला सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शुक्रवार देर रात रघुनाथपुरा टोल के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
विज्ञापन


मृतकों में महिला भी शामिल
लोहारू की तरफ से झुंझुनूं की ओर आ रही कार जैसे ही रघुनाथपुरा टोल के पास बने ब्रेकर पर धीमी हुई, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जीवन ज्योति रक्षा समिति के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे। समिति के कार्यकर्ताओं ने मशक्कत करते हुए कार का गेट तोड़कर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। उन्होंने घायलों को तत्काल सूरजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने चूरू निवासी शर्मिला तथा गुढ़ा निवासी महेंद्र शर्मा को मृत घोषित कर दिया।

दिल्ली आश्रम से लौट रहे थे श्रद्धालु
हादसे का शिकार हुए सभी लोग दिल्ली स्थित एक आश्रम में अपने गुरुजी के दर्शन करके वापस लौट रहे थे। ये लोग महीने में लगभग एक बार अपने गुरुजी से मिलने दिल्ली जाया करते थे। मृतक महिला शर्मिला मूल रूप से चूरू जिले की रहने वाली थीं, लेकिन वर्तमान में अपने परिवार के साथ सीकर में रह रही थीं। उनके पति अभिषेक सहारण सीकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बतौर कांस्टेबल कार्यरत हैं। इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें-  जयपुर: मेयर पद के लिए सुनील कोठारी के नाम पर भाजपा की मुहर, आज दाखिल करेंगे नामांकन
विज्ञापन


घायलों का उपचार और पुलिस जांच
हादसे में गंभीर रूप से घायल सीथल निवासी ओमप्रकाश को प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों ने झुंझुनूं के जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इसके अलावा, सीथल निवासी शीशराम जाट, हरिराम जाट और सीकर निवासी आलोक शर्मा का उपचार सूरजगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। सूरजगढ़ थाने के उपनिरीक्षक कानाराम ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें