चिड़ावा में निर्दलीय प्रत्याशी पर जानलेवा हमला
नगरीय निकाय चुनाव-2026 के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को जिले की 10 नगर पालिकाओं में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले के कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें नजर आईं। लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे हैं।
जिले की 10 नगर पालिकाओं के कुल 277 वार्डों में 1,213 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 1 लाख 87 हजार 264 मतदाता इन प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए जिलेभर में 281 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ाई गई है।
चिड़ावा में मतदान से पहले प्रत्याशी पर हमला
मतदान शुरू होने से कुछ समय पहले चिड़ावा में हमले की घटना सामने आने से चुनावी माहौल गरमा गया। जानकारी के अनुसार चिड़ावा के वार्ड नंबर 28 से निर्दलीय प्रत्याशी अशोक शर्मा पर कोर्ट रोड के पास बाइक सवार तीन युवकों ने कथित तौर पर हमला किया।
ये भी पढ़ें: राजस्थान निकाय चुनाव: बाड़मेर में वोट मांगने को लेकर भिड़े दो पक्ष, महिला के थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि युवकों ने पहले अशोक शर्मा की बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद उनके साथ मारपीट की। घटना में अशोक शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए झुंझुनू जिला अस्पताल रैफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। हमला चुनावी रंजिश के चलते हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल जिलेभर में मतदान प्रक्रिया जारी है और पुलिस-प्रशासन की नजर संवेदनशील क्षेत्रों पर बनी हुई है। अब सभी की निगाहें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं कि 10 नगर पालिकाओं में मतदाता किस प्रत्याशी के पक्ष में अपना जनादेश देते हैं और किन उम्मीदवारों के सिर जीत का ताज सजता है।