एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपए निकालने वाली अन्तराज्यीय मेवाती गैंग के तीन सदस्यों को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने उनके पास से 61 एटीएम कार्ड और 198600 रुपए बरामद किए हैं।
दरअसल पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके सूचना दी थी कि सफेद रंग की एक बिना नंबर की कार में सवार 3-4 लोग वीटी रोड पर पीएनबी बैंक की तरफ उसका एटीएम कार्ड और 80 हजार रुपए लेकर भागे हैं। इस पर पुलिस ने ए श्रेणी की नाकाबंदी करवाकर थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार गोदारा और मुहाना थानाधिकारी मदन कड़वासरा के नेतृत्व में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बस्सी थाना इलाके में कार को रुकवाकर 35 वर्षीय अनवर, 26 वर्षीय साकीर और 23 वर्षीय मोहम्मद अनस निवासी मेवात को दस्तयाब कर लिया।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार परिवादी धर्मवीर सिंह ने पुलिस थाना मानसरोवर में शिकायत दी थी कि वीटी रोड स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम से रुपये निकलवाने के दौरान दो लड़के पीछे आकर खड़े हो गए और जबरदस्ती एटीएम कार्ड छीनकर बैंक से 50 मीटर की दूरी पर खड़ी कार में बैठकर भाग गए। इसके बाद उन्होंने उसके एटीएम से करीब 85,000 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से कई बैंकों के 61 एटीएम कार्डों के साथ 1,98,600 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 100 से ज्यादा वारदातें करना स्वीकर किया है।