राजधानी जयपुर में जमीन विवाद में पत्थरबाजी का खौफनाक वीडियो सामने आया है। इसमें एक तरफ पति-पत्नी और बेटा तो दूसरी तरफ दर्जनों लोग उन्हें घेरकर हाथों में लाठी-डंडे लेकर पत्थरबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं। बदमाश एक के बाद एक पत्थर बरसा रहे हैं, जिन्हें बचाने आए लोगों के भी सिर लहूलुहान हो गए। पत्थरबाजी में महिला समेत परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने दो बदमाशों को डिटेन किया है और बाकी फरार हो गए।
दिनदहाड़े गुंडागर्दी की यह घटना जयपुर के मालपुरा थाना इलाके के दादाबाड़ी जैन मन्दिर की है।जहां सोमवार दोपहर गाड़ियों में सवार होकर आए हथियारबंद दर्जनों बदमाशों ने जमकर दहशत मचाई। पीड़ित शंकरलाल सुईवाल ने बताया कि आज दोपहर करीब 12 बजे घर के बाहर से जोर- जोर से चिल्लाने की आवाज आई तो उन्होंने देखा कि दर्शनों लोग हाथों में डण्डे, सरिया और पत्थर लेकर ट्रैक्टर पर सवार होकर जबरन उनके घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अन्दर घुस रहे थे। जिन्हें टोकने पर जान से मार देने और महिलाओं को उठाकर ले जाने की धमकी दी। जब घर के अन्दर आने से मना किया तो उन लोगों ने एक राय होकर परिवार पर हमला कर दिया।
बदमाशों ने डण्डे, सरिए और पत्थरों से हमला किया, जिससे गंभीर चोट आई। वहीं, उनकी पत्नी विमलेश और भाभी नीलम सूईवाल जब बीच बचाव करने आई तब उन पर भी जमकर पत्थर बरसाए।इसके बाद पीड़ित लोगों ने जैसे-तैसे कमरे में बंद होकर अपनी जान बचाई और पुलिस को मदद के लिये फोन किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी बदमाशों ने पत्थर फेंके, जिसके बाद पुलिस ने सुभाष चन्द मदरेना और नन्दकिशोर को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार एक प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा था, जिस पर पहले भी विवाद हो चुका है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।