राजस्थान में विधानसभा उपचुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश की 6 विधानसभा सीटों पर इसी साल उपचुनाव संभावित हैं। इनमें देवली उनियारा, खींवसर, झुंझुनू, दौसा, चौरासी और सलूंबर की सीट शामिल है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने मंगलवार को कांग्रेस वॉर रूम में खींवसर और देवली उनियारा सीट को लेकर दावेदारों और पदाधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान डोटासरा ने बड़ा ऐलान किया कि कांग्रेस सभी 6 सीटों पर उपचुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है और अब तक उपचुनाव को लेकर कोई गठबंधन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि गठबंधन होता है तो इसका फैसला आलाकमान लेगा।
हालांकि लोकसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने बीजेपी को हराने के लिए नागौर, बांसवाड़ा, सीकर सीट पर गठबंधन किया था। इनमें नागौर के लिए आरएलपी के हनुमान बेनीवाल, बांसवाड़ा से बीएपी के राजकुमार रोत तथा सीकर में सीपीएम के अमराराम को कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया था और ये तीनों ही लोकसभा चुनाव जीते थे।