रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू राजस्थान से निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हो गए हैं। भाजपा ने रवनीत सिंह बिट्टू को राजस्थान से प्रत्याशी बनाया था। मंगलवार को राजस्थान की विधानसभा में निर्वाचन अधिकारी ने रवनीत सिंह बिट्टू की ओर से अधिकृत योगेंद्र सिंह तंवर को उनके निर्वाचन का प्रमाण-पत्र सौंप दिया।
बिट्टू पंजाब के पूर्व सीएम बेअंत सिंह के पोते हैं और लोकसभा चुनावों के दौरान ही कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। इस राज्यसभा सीट के लिए बहुमत के आंकड़े के हिसाब से बिट्टू की जीत पहले से ही तय थी, इसी के चलते कांग्रेस ने राजस्थान से अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था। आज नामांकन वापसी का अंतिम दिन था। बिट्टू के अलावा कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं था। इसलिए निर्वाचन अधिकारी महावीरप्रसाद शर्मा ने बिट्टू के निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा कर दी। निर्वाचन अधिकारी ने रवनीत सिंह बिट्टू की ओर से अधिकृत योगेंद्र सिंह तंवर को उनके निर्वाचन का प्रमाण-पत्र सौंपा।
3 नामांकन पत्र आए, इनमें एक रद्द
कांग्रेस की तरफ से उपचुनाव में उम्मीदवार नहीं उतारने के बाद नामांकन पत्र दाखिल करने वाले 3 उम्मीदवार ही बचे थे। बीजेपी के डमी प्रत्याशी सुनील कोठारी ने शुक्रवार को अपना नामांकन वापस ले लिया था। इसके अलावा निर्दलीय उम्मीदवार बबीता वाधवानी का भी नामांकन पत्र था, जिसे जांच के बाद रद्द कर दिया गया। इसके बाद रवनीत सिंह बिट्टू ही मैदान में बचे थे। ऐसे में आज निर्वाचल अधिकारी ने बिट्टू की निर्विरोध जीत की घोषणा कर दी।