कल भारत बंद के आह्वान के चलते जयपुर कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने आदेश जारी करते हुए जयपुर के सभी स्कूलों में अवकाश रखने के आदेश जारी किए हैं। माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा अनुसूचित जाति-जनजाति वर्गों के आरक्षण को लेकर दिए गए निर्णय के विरोध में 21 अगस्त को अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग द्वारा संपूर्ण भारत में भारत बंद का आह्वान किया गया है।
प्रस्तावित स्वतः स्फूर्त भारत बंद के दौरान जयपुर शहर में विभिन्न स्थानों पर रैलियों, प्रदर्शन, एवं जाम जैसी स्थिति होना संभावित है, जिससे स्कूलों एवं कोचिंग छात्रों की बसों, ऑटो रिक्शाओं एवं अन्य बाल-वाहिनी वाहनों के जाम में फंसने की संभावना है। इन्हीं संभावित परिस्थितियों के परिप्रेक्ष्य में स्कूलों एवं कोचिंग संस्थानों में अवकाश घोषित करने हेतु कहा गया है।
इधर राजस्थान व्यपार संघ ने भारत बंद का बहिष्कार करने का ऐलान किया है और व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठान खुले रखने की अपील की है। व्यापार संघ ने राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव सुधांशु पंत को पत्र लिखकर आईटी सुरक्षा मुहैया कराने की बात कही है। संघ के अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने भारत बंद का बहिष्कार करते हुए व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठान खुले रखने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन होने की वजह से व्यापारी अपने प्रतिष्ठान खुले रखना चाहते हैं यह उनका निजी फैसला है। भारत बंद को उन पर थोपा नहीं जा सकता। गौरतलब है कि भारत बंद के दौरान एससी-एसटी वर्ग के प्रतिनिधियों द्वारा सभी से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की मांग की गई है। ऐसे में राजस्थान व्यापार संघ अगर अपने प्रतिष्ठान खुले रखेगा तो एक गतिरोध का माहौल प्रदेश में देखने को मिल सकता है।