अंता विधानसभा उपचुनाव 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि विशेष रूप से सुरक्षा और आचार संहिता के पालन पर फोकस रखते हुए कड़े कदम उठाए गए हैं।
सबसे अहम कार्रवाई चुनाव आचार संहिता के तहत की गई जब्ती है। अब तक कुल ₹21 करोड़ 21 लाख 12 हजार 312 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई है। इसमें अवैध शराब ₹19.27 लाख, नशीले पदार्थ ₹35.46 लाख, फ्रीबीज व अन्य सामग्री ₹20.55 करोड़ तथा नगद ₹11.34 लाख शामिल हैं।
मतदान प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की तैनाती होगी। 12 क्विक रेस्पॉन्स टीम, 43 मोबाइल पार्टियां, 43 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 12 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारी, 12 एरिया मजिस्ट्रेट, 4 वरिष्ठ पुलिस पर्यवेक्षक और 4 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चुनाव निगरानी में रहेंगे।
क्षेत्र में 13 अंतर्राज्यीय व 5 अंतर जिला नाकों पर लगातार चेकिंग हो रही है। अब तक 4,262 शस्त्र जमा कराए गए, जबकि नाकाबंदी में 8 अवैध हथियार और 5 कारतूस जब्त किए गए हैं। असामाजिक तत्वों पर 1,134 निरोधात्मक कार्रवाई तथा 2,716 लोगों को मुचलके पर पाबंद किया गया है।
अंता विधानसभा क्षेत्र में कुल 268 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जहां 2,28,264 पंजीकृत मतदाता मतदान करेंगे। सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मोबाइल फोन रखने हेतु जूट बैग व हर केन्द्र पर दो वॉलंटियर तैनात किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- अंता उपचुनाव में सियासी उबाल: रुपये बांटने की सूचना पर पहुंची पुलिस, होटल से बाहर निकाला; डोटासरा क्यों भड़के?
दिव्यांग व वरिष्ठ नागरिकों के लिए रैंप, पेयजल, छाया और व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है। इस उपचुनाव में 5 ग्रीन मतदान केन्द्र भी बनाए जा रहे हैं, जिन्हें प्लास्टिक मुक्त रखा जाएगा।
मतदान हेतु ईवीएम कमीशनिंग पूरी कर ली गई है। मतदान दलों की रवानगी 10 नवंबर को होगी। मतदान पश्चात जमा सामग्री के लिए 6 काउंटर बनाए गए हैं, जिनमें एक काउंटर महिला व दिव्यांग कर्मियों के लिए विशेष आरक्षित है। 14 नवंबर को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बारां में मतगणना होगी, जहां कड़ी सुरक्षा के साथ सीसीटीवी निगरानी रहेगी।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: ‘आखिर कौन है CM भजनलाल का सलाहकार’, गहलोत का तंज; ‘अहंकार और बुराई का साथ’ देने की बात पर क्या कहा?