ईद की मुबारकबाद देते हज़रत सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती।
- फोटो : Amar Ujala Digital
चेयरमैन ऑल इंडिया सूफ़ी सज्जादानशीन काउंसिल और अजमेर दरगाह के आध्यात्मिक प्रमुख के उत्तराधिकारी हज़रत सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती ने देशवसियों को ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि हमारे धर्म अलग-अलग हैं, मगर संस्कृति और सभ्यता से हम सब हिंदुस्तानी हैं।
उन्होंने इस मौके पर कश्मीर के पुंछ जिले में में सैनिकों की गाड़ी पर हुए आतंकी हमले की निंदा की। उन्होंने कहा शहीद पांच सैनिकों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि आज कश्मीर शांति और विकास के पथ पर चल पड़ा है। वहां का मुसलमान भी आज अमन को स्थापित करने में अपना पूरा सहयोग दे रहा है और कश्मीर के विकास की डोर को थाम चुका है।
नापाक आतंकी हमले भारत को बदनाम करने की साज़िश
इस तरह की नापाक आतंकी हमले भारत को बदनाम करने की साज़िश हैं क्योंकि कश्मीर में G20 के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। ऐसे में G20 से जुड़े सभी देश के प्रतिनिधि भाग लेने कश्मीर में एकत्रित होंगे। जिस से कश्मीर में विकास के नए स्वर्ण युग की शुरुआत होगी। इसी से बौखला कर आतंकी यह नापाक हरकतें कर रहे हैं, जिसे देश का मुसलमान बर्दाश्त नहीं करेगा। आज तक हमारे जितने भी बहादुर जवानो ने कश्मीर की रक्षा और कश्मीर में शांति के लिए अपने प्राण न्योछावर किए हैं, हम उनकी शहादत को व्यर्थ नहीं जाने देंगे। पूरा देश अपने सशस्त्र बलों के साथ खड़ा है।
आज नया कश्मीर देखने को मिल रहा है
उन्होंने कहा की अनुच्छेद 370 के समाप्त होने के बाद से ही हमें नया कश्मीर देखने को मिल रहा है। आज कश्मीर में आतंकी खात्मे की कगार पर है और आम लोगों के दिलों में से आतंकियों का डर भी समाप्त हो चुका है। आम कश्मीरी खुद का और कश्मीर का विकास चाहता है। इसका प्रणाम यह है कि 90 के दशक के बाद हमें अब देखने को मिलता है कि आज देश के आम और खास सब बिना किसी खौफ के अपनी छुट्टियां कश्मीर में बिताते नज़र आते रहते हैं।