जयपुर के पूर्व राजपरिवार की सदस्या व पूर्व विधायक दीया कुमारी और उनके पति नरेंद्र सिंह के बीच आपसी सहमति से शादी के 24 साल बाद तलाक हो गया। दोनों ने 1997 में प्रेम विवाह किया था। फैमिली कोर्ट के इस आदेश की कॉपी मंगलवार को जारी हुई। दीया और नरेंद्र के तीन संतानें हैं। उनके बड़े बेटे पद्मनाभ सिंह को महाराज भवानी सिंह ने गोद लेकर अपना उत्तराधिकारी नियुक्त किया हुआ है। दूसरे बेटे लक्ष्यराज सिंह व एक बेटी गौरवी है।
दीया व नरेंद्र ने पिछले साल 7 दिसंबर को फैमिली कोर्ट में तलाक के लिए आवेदन किया था। कोर्ट ने 6 माह बाद का समय दिया, ताकि काउंसलिंग हो सके। लेकिन दोनों ने कोर्ट में 21 दिसंबर 2018 को सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला दिया और जल्द सुनवाई करने को कहा। दोनों ने यह भी कहा कि वे आपसी सहमति से तलाक चाहते हैं और डेढ़ साल से अलग रह रहे हैं।
इसके बाद कोर्ट ने तलाक मंजूर कर दिया। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने अमरदीप बनाम हरमीन कौर मामले में कहा था कि यदि पक्षकार लंबे समय या 18 माह से अलग रह रहे हैं और आपसी सहमति से अलग होना चाहते हैं तो समझाइश के लिए 6 माह का समय देने के बजाय तथ्य व सबूतों के आधार पर तलाक मामले में जल्द फैसला दे सकते हैं।
दीया कुमारी व नरेंद्र सिंह राजावत ने पारस्परिक सहमति के आधार पर तलाक लेने का प्रार्थना पत्र दायर किया गया था। इसमें कहा गया था कि वे डेढ़ साल से अलग रह रहे हैं और अब आपसी सहमति से अलग होना चाहते हैं।