जयपुर में एक किन्नर का अपहरण कर उसके साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। इस विवाद में किन्नर के बाल भी मुंडवा दिए गए। ये विवाद 50 गांवों के इलाके में बधाई के पैसे को लेकर था। पीड़ित किन्नर का विवाद उसी के साथी किन्नरों से चल रहा था। किन्नर का अपहरण कर उसके साथी कुचामन ले गए और उसके बाल कटा कर गंजा कर दिया।
आरोप है कि मारपीट कर उसके साथ अश्लील हरकतें की गईं और पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट पर अपलोड कर दिया। पीड़ित किन्नर ने जयपुर के विद्याधर नगर थाने में मामला दर्ज कराया है। किन्नर ने श्रीमाधोपुर के थानाधिकारी पर आरोप लगाए हैं। वीडियो सामने आने पर पीड़ित किन्नर ने शुक्रवार को सबके सामने अपनी बात रखी।
विद्याधर नगर की रहने वाली किन्नर ने बताया कि वह कुचामन की रहने वाली काजू बाई की चेली थी। गुरू ने उसे सीकर के 50 गांवों की जागीर दी थी। वह गांवों से बधाई लेकर गुरू काजू बाई को देती थी। इसे लेकर उसका विवाद अन्य किन्नरों से हो गया। तब किन्नर राजकुमारी, पूजा बाई, काजू बाई और तीन अन्य ने 25 जुलाई को उसका अपहरण कर लिया। कमरे में बंद कर उसके हाथ-पैर बांध दिए। उसके साथ मारपीट और अश्लील हरकतें की गईं और पेशाब पिलाया गया। उसका वीडियो बनाकर इंटरनेट पर अपलोड कर दिया गया। उसके कपड़े भी फाड़ डाले और नग्न कर घुमाया।