हनुमानगढ़ जिले के रावतसर कस्बे में शनिवार को एक स्लीपर बस और ट्रक में आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में 17 लोग घायल हो गए, इनमें से 5 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रैफर किया गया है। टक्कर इतनी तेज थी कि स्लीपर बस और ट्रक दोनों के एक साइड का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। रावतसर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और यातायात व्यवस्था को सुचारू किया।
रावतसर थाना अधिकारी वेदपाल ने बताया कि पुलिस को सवेरे मिस्त्री मार्केट के पास सड़क हादसा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर राजकीय अस्पताल, रावतसर भिजवाया और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते हटाकर यातायात सुचारू करवाया। राजकीय अस्पताल से गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हनुमानगढ़ जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया।
थानाधिकारी वेदपाल ने बताया कि सभी घायलों की पहचान कर ली गई है। घायल हुए 17 लोगों में से 5 गंभीर घायलों में सुखविंद्र सिंह, सुरेश, कृष्णलाल, श्योनारायण और नूतन का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कस्बे से निकलते ही मेगा हाइवे पर मिस्त्री मार्केट में बेतरतीब तरीके से ट्रक खड़े रहते हैं, जिससे हर समय हादसा होने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय प्रशासन का बार-बार इस ओर ध्यान दिलाने के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया जा रहा है, जिससे इस तरह के हादसे होते हैं।