हनुमानगढ़ जिले की महिला थाना पुलिस ने एक साल से फरार दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी पर एसपी कार्यालय की ओर से 10 हजार का इनाम भी घोषित था। पकड़ा गया आरोपी दुष्कर्म सहित एससी-एसटी मामले में फरार चल रहा था।
जांच अधिकारी एससी-एसटी सेल सीओ रणवीर सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देश में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक आरोपी को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सीओ रणवीर सिंह ने बताया कि महिला थाना अधिकारी कविता पुनिया के नेतृत्व में एक थाना स्तर पर टीम गठित की गई थी। हेड कांस्टेबल सुखविंद्र सिंह, अमर सिंह और गुरविंदर सिंह की टीम आरोपी मोहम्मद अली को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
पकड़ा गया मोहम्मद अली उर्फ यारे खान 10 हजार का इनामी भी था। मोहम्मद अली कई थानों में वांछित है, जिसको लेकर उसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। महिला थानाधिकारी कविता पुनिया ने बताया कि मुकदमा नंबर 88/24 में भी वांछित आरोपी गुरप्रीत सिंह (34) पुत्र तेजा सिंह जाट सिख निवासी अरायावली जिला हनुमानगढ़ को भी पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गुरप्रीत सिंह पर दुष्कर्म का मामला दर्ज है।