राजस्थान के झुंझुनू जिले में दो बहनों के साथ गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों ने वीडियो वायरल कर देने की धमकी देकर पहले बड़ी बहन को शिकार बनाया। बाद में ब्लैकमेल कर नाबालिग छोटी बहन से दुष्कर्म किया। छोटी बहन को सात माह का गर्भ ठहर गया। तब मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने सात लोगों पर केस दर्ज किया है। एक आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पीड़िता के भाई ने शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि बीते डेढ़ साल से सभी आरोपी उसकी बहनों के साथ दुष्कर्म करते रहे हैं। आरोपियों ने बड़ी बहन का कोई वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया, फिर अपना शिकार बनाया। किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इतने से मन नहीं भरा तो उसी वीडियो के आधार पर छोटी बहन को लाने का दबाव भी बनाया।
आरोपियों ने फरवरी 2021 में एक शादी के दौरान 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली छोटी बहन से सामूहिक दुष्कर्म किया। जिससे नाबालिग छोटी बहन गर्भवती हो गई। एक आरोपी ने गर्भपात के लिए गोली लाकर दी और धमकाया कि किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देंगे और जान से मार देंगे। गोली खाने के बाद 23 अप्रैल को नाबालिग की तबीयत बिगड़ गई, अस्पताल पहुंचने पर घरवालों को पता चला। पुलिस ने पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने दोनों बहनों का मेडिकल भी करवाया है। पीड़िता के भाई ने बताया कि छोटी बहन ने बदनामी के डर से परीक्षा भी नहीं दी।