चार बदमाश गुड़गांव से गिरफ्तार
- फोटो : social media
बीते दिनों जिम के बाहर सरेआम गोलियां चलाकर पूर्व पार्षद के छोटे भाई लाला पहलवान को घायल करने के मामले में पुलिस ने चार बदमाशों को पकड़ लिया। भरतपुर में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस चार बदमाशों को काबू कर लिया। मुठभेड़ में चारों को गोली भी लगी है। घायल बदमाशों को लेकर पुलिस जिला आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंची तो डॉक्टर ने दो बदमाशों को जयपुर रेफर कर दिया और दो बदमाशों का इलाज उसी अस्पताल में चल रहा है।
बता दें भरतपुर में 23 फरवरी को बदमाशों ने पूर्व पार्षद के छोटे भाई लाला पहलवान को जिम से घर लौटते समय गोलियां मारी थीं। तब से बदमाश फरार चल रहे थे। दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद बदमाशों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए नाक का सवाल बन गई थी। घटना के बाद पुलिस की कई टीमें गठित कीं और तब से बदमाशों की तलाश जारी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश विनोद पथैना, चंद्रशेखर उर्फ़ चंदू देशवाल, परमवीर और भीम सिंह गुड़गांव में छुपे हुए हैं। सूचना के बाद पुलिस ने दबिश देकर चारों को गुड़गांव से गिरफ्तार कर लिया।
भागने के प्रयास में लगी गोली
भरतपुर जिला पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया था। जानकारी के बाद चारों बदमाशों को हरियाणा के गुड़गांव से पकड़ लिया गया। गुड़गांव से गिरफ्तारी के बाद चारों बदमाशों को भरतपुर लाया जा रहा था। तभी उन्होंने भरतपुर के उद्योग नगर थाना इलाके के गुनसारा गांव के पास पुलिस से हाथपाई शुरू कर दी। जैसे ही पुलिस ने गाड़ी को रोका तो चारों बदमाश भागने की कोशिश करने लगे। इसके बाद पुलिस ने सभी को पकड़ने की कोशिश में उनके पैर के आसपास गोलियां चलाईं। चारों के पैर में गोली लगी।