आरोपियों ने इस तरह युवक को पीटा।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान के जालोर में एक दलित युवक को दबंगों ने बेरहमी से पीट दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दबंगों के भय से पीड़ित ने थाने में केस भी दर्ज नहीं कराया था, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खुद ही की मामले पर संज्ञान लिया। इसके बाद पीड़ित को तलाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पीड़ित पुराराम मेघवाल की हाडेचा कस्बे में मोबाइल सुधारने की दुकान है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पुराराम दुकान पर आने वाली लड़कियों से देर तक बातें किया करता था। कई बार मना करने के बाद भी वह नहीं माना। इससे नाराज होने उन्होंने उसके साथ मारपीट कर दी।
वारदात दो-तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। वारदात वाले दिन पीड़ित पुराराम अपनी दुकान पर जा रहा था। उसने आरोपियों से दुकान तक छोड़ने के लिए कहा तो उन्होंने उसे अपनी स्कॉर्पियों गाड़ी में बैठा लिया। दुकान पर पहुंचने से पहले आरोपियों और पुराराम के बीच लड़कियों से देर तक बात करने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद गाड़ी में बैठे चारों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी।
पीड़ित के साथ मारपीट करने का वीडियो आरोपियों ने ही बनाया था। बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान बूधाराम उर्फ प्रकाश, अर्जुनकुमार, जालाराम और दिनेश कुमार के रूप में हुई है।