बाड़मेर में एक नाबालिग के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोपियों ने नाबालिग को नशीला पेय पदार्थ पिलाकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि जिस लड़के से नाबालिग की सगाई हुई थी, उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है।
पीड़िता के परिजनों ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी नाबालिग बेटी की सगाई गुजरात निवासी युवक के साथ हुई है। 15 नवंबर 2021 को आरोपी युवक अपने दोस्तों के साथ कार में सवार होकर घर आया। वह नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने परिचित के घर ले गया।
युवक ने लड़की को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद नाबालिग के मंगेतर ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि उसने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए।
परिजनों का कहना है कि नाबालिग के पेट में दर्द हुआ तो उसने अपनी आपबीती बताई। जिसके बाद परिजनों ने बुधवार को पीड़िता के साथ महिला थाने में चार लोगों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज करवाया है। महिला सेल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार मीणा ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ पॉक्सो, 376 डी सहित कई अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।