10 अप्रैल तक गिरफ्तारी, नहीं तो प्रॉपर्टी होगी कुर्क
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार डॉ. अर्चना आत्महत्या के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने तारीख तय कर ली है। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी बल्या जोशी को 10 अप्रैल तक गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आरोपी की प्रॉपर्टी की एक सूची भी तैयार की है। बताया जा रहा है कि 10 अप्रैल तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो उसकी प्रॉपर्टी कुर्क की जा सकती है। उधर, आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की टीमें उसके संभावति ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। प्रदेश के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी उसे तलाश जा रहा है।
डॉक्टरों की सुरक्षा और सीबीआई जांच को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर
डॉक्टर अर्चना का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारी डॉ मुकेश वर्मा (अध्यक्ष), डॉ प्रीतम पंकज (सचिव), डॉ प्रकाश लालचंदानी, डॉ अजीत कुमार और डॉ सुरेंद्र यादव की ओर से अधिवक्ता शशांक देव सुधी और शशि भूषण ने याचिका दायर की है। याचिका में देश भर के डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए नीतियां बनाने और सुसाइड केस की जांच सीबीआई से कराने की भी मांग की गई है। याचिका में कहा गया कि लोगों की जिंदगी बचाने वाले डॉक्टरों पर लगातार हमले हो रहे हैं। ऐसे में डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए सख्त नीति बनाने की आवश्यकता है।