मृतक जसवंत के घर पहुंचे बीडीओ नवलाराम।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के सिरोही जिले के आबूरोड सदर थाने में मंगलवार देर शाम को एक बच्चे को कुत्तों द्वारा नोंच कर मारने का केस दर्ज हुआ। घटना सदर थाने के क्यारिया गांव की है। जहां 27 जुलाई की सुबह एक 6 साल के मासूम को 5-6 कुत्तों ने जगह-जगह काटा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सदर थानाधिकारी प्रवीण आचार्य ने बताया की 27 जुलाई की सुबह क्यारिया गांव में रहने वाले झामर गांव निवासी अमृत गरासिया का 6 साल का बेटा जसवंत घर से 100 मीटर दूर शौच के लिए गया था। जहां 5-6 कुत्तों ने उसे जगह-जगह से काट लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। काफी देर तक जसवंत घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई, इस दौरान उसका शव खेत में पड़ा हुआ मिला। उसके शरीर पर जगह जगह कुत्तों के काटने और नोंचने के निशान थे। जिसके बाद परिजनों ने बिना जानकारी दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
सोमवार रात को ग्रामीण ने कॉल कर पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद जिला कलेक्टर के आदेश पर पंचायत समिति बीडीओ नवलाराम मौके पर पहुंचे और मृतक बच्चे के परिजनों से बात की। नवलाराम ने परिजनों को आर्थिक सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया है।
घर में इकलौता बेटा था जसवंत
मृतक जसवंत आदिवासी अमृत गरासिया का एकलौता पुत्र था। इसके साथ ही अमृत गरासिया के तीन बेटियां हैं। जसवंत का 20 दिन पूर्व ही सरकारी स्कूल में दाखिला करवाया गया था। मृतका का पिता अमृत गरासिया झमार निवासी है, लेकिन क्यारिया में उसकी ससुराल है। जहां वह लंबे समय से रहकर खेती का काम रहा है और परिवार के साथ रहता है।