धौलपुर में बाड़ी सदर थाना इलाके के मडोना गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए झगड़े को शांत करने पहुंची पुलिस पर एक पक्ष के लोगों ने पथराव और फायरिंग कर दी। पथराव और फायरिंग में पुलिस बाल-बाल बच गई। फायरिंग करते हुए जंगल की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने पीछाकर एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा 315 बोर और दो ज़िंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया हैं और साथ ही पीड़ित निर्भय ने भी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों मामलों में अनुसन्धान शुरू कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है।
बाड़ी सदर थाना एसएचओ धर्मपाल सिंह ने बताया कि मडोना गांव में जमीन विवाद को लेकर सूचना मिली थी कि रामलखन पक्ष द्वारा निर्भय पक्ष के लोगों पर हमला किया जा रहा है, जिसमें फायरिंग और पथराव हो रहा है। सूचना पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचा और आरोपियों से झगड़ा शांत करने की समझाइस की कोशिश की गई तो एक पक्ष रामलखन के लोगों ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग कर दी। पुलिस कर्मी घटना में बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपियों का पीछाकर आरोपी महादेव उर्फ हल्का पुत्र हरीविलास गुर्जर निवासी मडोना को पकड़ लिया और शेष आरोपी पथराव और फायरिंग करते हुए जंगल में भाग गए।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी महादेव के कब्जे से एक 315 बोर का देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि गांव के रामलखन और निर्भय पक्ष के बीच में जमीन विवाद को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही है। एसएचओ ने रामलखन और अन्य आरोपियों के खिलाफ पुलिस टीम पर पथराव और फायरिंग करने का मामला दर्ज कराया है। साथ ही पीड़ित पक्ष के निर्भय ने भी जानलेवा हमले करने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों मामलों में अनुसन्धान शुरू कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद से गांव में हड़कम्प मच हुआ है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही हैं और गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है।