सार
Dausa: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पहुंचने से पूर्व जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत लालसोट पहुंचे। जहां उन्होंने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। लालसोट में आम जनता को संबोधित करते हुए गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि गहलोत सरकार ऐसी कमजोर सरकार थी, जिन्होंने कभी नदी जोड़ने के प्रकल्पों पर विचार नहीं किया और इस मामले को ठंडा बस्ते में डाल दिया।
दौसा जिले के लालसोट में गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि 2013 में आपने प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाई थी, उसके बाद लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी को देश ने प्रधानमंत्री बनाया। नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद सबसे पहले कहा कि मेरी सरकार गरीब, वंचित, युवा, महिला इन सबको जीवन के बदलने का काम करेगी। उस समय प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि आदरणीय जनता ने हमें देश चलाने के लिए नहीं बल्कि देश बदलने का मौका दिया है और देश बदलने का रास्ता गरीब और किसान के घर होकर निकलता है।
उसके जीवन में खुशहाली लाने का रास्ता पानी है, पानी से ही गरीब और किसान के घर में खुशहाली आ सकती है। उस 5 साल के दरमियान प्रधानमंत्री मोदी ने अनेक योजनाएं बनाई जो गरीब और किसानों को कल्याणकारी साबित हुई। जिसमें किसी भी तरह का जाति और भेदभाव नहीं था, तमाम जन कल्याणकारी योजनाएं जन-जन तक पहुंचे इसके लिए मोदी जी ने संकल्प लिया। संकल्प का परिणाम यह हुआ कि वह योजनाएं गरीबों के घर तक पहुंची, जिसके चलते हर गरीब आदमी को घर मिला, बिजली मिली और करोड़ों घरों तक शौचालय पहुंचे। इसके साथ ही हर गांव तक सड़क भी पहुंचने लगी, हर आदमी को सस्ता इंटरनेट उपलब्ध करवाया गया। साथ ही चिकित्सा के क्षेत्र में काम करते हुए नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान कार्ड योजना भी लागू किया, यह परिवर्तन हुआ है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में।
आपके आशीर्वाद से मुझे दी गई जिम्मेदारी
शेखावत में आगे कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए जल संसाधन पूरे करने होंगे। जल की आपूर्ति सुनिश्चित करनी पड़ेगी, इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी ने एक मंत्रालय का गठन किया। तकरीबन 10 से 12 मंत्रालय जोड़कर एक मंत्रालय बनाया और वह मंत्रालय था जल शक्ति मंत्रालय, जिसकी जिम्मेदारी आपके आशीर्वाद से मुझे दी गई। मुझे कहा गया की हर घर तक पीने का पानी आपको पहुंचना है और आज मुझे गर्व है कि पिछले मेरे 4 साल के कार्यकाल में 75% घरों तक पीने का पानी पहुंच गया है, जबकि 4 साल पहले मात्र 16% तक पीने का पानी पहुंचता था।
80 परियोजनाएं पूरी कर चुके
प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प था कि देश के हर किसान के खेत को पानी मिलना चाहिए, इसी बात को लेकर हम आगे बढ़े। 40 सालों से देश में पुरानी परियोजनाएं अटकी पड़ी थी। जिनमें से हमने 106 परियोजनाओं को चिन्हित करके और उन पर काम किया। आज हम लगभग 80 परियोजनाएं पूरी कर चुके हैं।