राजस्थान के उदयपुर शहर में पहले तेंदुआ, अजगर और अब मगरमच्छ देखने से लोग दहशत में हैं। मदार रोड पर मंगलवार देर रात मगरमच्छ के दिखने से लोग घबरा गए, हालांकि, किसी को नुकसान पहुंचाए बिना ही मगरमच्छ जंगल की ओर चला गया। इस दौरान लोगों ने बीच सड़क पर दिखे मगरमच्छ का वीडियो बना लिया। मगरमच्छ मदार तालाब से निकलकर पहाड़ी की ओर चला गया।
दरअसल, उदयपुर शहर के मदार तालाब में कई मगरमच्छ रहते हैं। कई बार यह मगरमच्छ तालाब से निकलकर गांव की सड़कों से होते हुए रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं। इससे पहले भी गांव की मुख्य सड़कों तक मगरमच्छ आ गए थे।
जंगलों की कटाई होने से गांवों की ओर आते हैं जानवर
छोटा मदार के रहने वाले गोवर्धन बताते हैं कि बड़ा तालाब के पास होने से इस क्षेत्र में मगरमच्छ, अजगर और तेंदुए अक्सर दिखते रहते हैं, कई बार सड़क पर तो कई दफे खेतों के किनारे तेंदुए बैठे नजर आते हैं। हालांकि, वो इंसानो को देखकर घबराकर तुरंत भाग जाते हैं। इसके अलावा वह यह भी बताते हैं कि जंगलों की कटाई होने से ये जानवर खाने पीने के लिए भटकते रहते हैं ।