राजस्थान में बारिश तबाही लेकर आई है। नदी-नाले ओवरफ्लो हो गए हैं। ऐसे में टोंक में बरसाती नाले में पति-पत्नी बह गए। जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं उदयपुर में दो युवक बह गए। जिनकी तलाश की जा रही है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार मंडावरा गांव के पास कांकरिया नाला है। सोमवार सुबह मंडावरा निवासी बाबू लाल मीना (45) पुत्र श्योनारायण मीना अपनी पत्नी समोदरा मीना (40) के साथ भैंस लेकर खेत पर जा रहा था। इस दौरान भैंस नाले में बह गई। भैंस को डूबते देख समोदरा देवी तुरंत नाले में उतर गई। पानी का बहाव अधिक होने से वह भी बहने लगी। पत्नी को डूबता देख पति ने छलांग लगा दी। पानी इतनी तेजी से बह रहा था कि वह दोनों बाहर नहीं सके। इस दौरान आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर नाले के पास आए लेकिन तब तक दोनों डूब गए।
सूचना पर अलीगढ़ मौके पर पहुंची लेकिन स्थानीय लोगों ने डेढ़ घंटे की मशक्तत के बाद शव निकाल लिए थे। पुलिस ने शवों को अलीगढ़ अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक दंपती के तीन बच्चे हैं। इनमें एक बेटा बालिग है।