धौलपुर बाड़ी शहर में शारदीय नवरात्र की स्थापना एवं शोभा यात्रा के दौरान पानी पाउच बांटने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष के लोग लामबंद होकर पहुंच गए। पानी के पाउच बांट रहे युवक को पड़कर जमकर मारपीट कर दी। मारपीट का वीडियो जिले भर में सोशल मीडिया के तमाम तमाम पर वायरल हो रहा है। करीब छह युवकों ने एक युवक को घेर कर बेरहमी से मारपीट की है।
बाड़ी में शहर में बैंक परिसर के पास रविवार को शोभायात्रा में कलश लेकर जा रही बालिकाओं और महिलाओं पर पानी के पाउच बांटने के दौरान कुछ युवकों द्वारा पाउच फेंकने को लेकर विवाद हो गया। इसमें एक युवक ने जब पाउच फेंक रहे युवकों को रोका तो उसकी आरोपियों ने घेरकर जमकर मारपीट कर दी। मारपीट का वीडियो जिले भर के सोशल ग्रुपों पर वायरल हो रहा है। उक्त मामले में आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे पीड़ित युवक को आरोपियों से छुड़ाया और उसकी जान बचाई।
मामले को लेकर जब पीड़ित युवक जीतू कुशवाहा पुत्र चंदन सिंह कुशवाह निवासी कीड़ी से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि उनके मोहल्ले में मोर वाले हनुमान मंदिर पर मां दुर्गा की स्थापना की गई है। जिसकी कलश एवं शोभायात्रा माता राजेश्वरी के मंदिर से आ रही थी। उक्त शोभायात्रा के कलश लेकर आ रही महिलाओं और बालिकाओं के लिए वह और एक अन्य लोग पानी के पाउच बांटने खड़े थे। इस दौरान कुछ युवक आए और पाउच छीनकर शोभायात्रा की महिलाओं एवं लड़कियों पर फेंकने लगे। जिसका विरोध किया तो पहले तो वे युवक चले गए। बाद में आधा दर्जन से अधिक संख्या में एकत्रित होकर आए और उसे पकड़ कर अलग ले गए। उसकी जमकर मारपीट की।
कुछ लोगों ने उसे बचाकर भाग भी दिया लेकिन उन युवकों ने पीछा नहीं छोड़ा और फिर से घेरकर पीटा है। उक्त घटना को लेकर वह कोतवाली थाने भी गया। लेकिन पुलिस ने यह कहकर वापस भेज दिया कि जिन लोगों ने मारपीट की है उनमें से एक दो के नाम और पते लेकर आओ। तब रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मामले को लेकर कोतवाली एसएचओ लक्ष्मण सिंह का कहना है कि यह शोभायात्रा के समय की घटना नहीं है। यह गली में किसी लड़के ने दूसरे लड़के की पॉकेट काट ली थी। जिसको लेकर झगड़ा हुआ था। उन्होंने बताया अभी तक किसी भी पक्ष ने मामला दर्ज नहीं कराया है। फिलहाल पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।