कांग्रेस विधायक अमीन खान अपने ही समाज सिंधी-मुसलमान को गद्दार कहकर विवादों में घिर गए हैं। राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस विधायक अमीन खान को सर्वश्रेष्ठ विधायक चुने जाने और सम्मान के बाद बुधवार शाम पांच बजे मुस्लिम हॉस्टल में उनका सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। इसी सभा में उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा। साथ ही सिंधी-मुसलमान कम्युनिटी पर अशोभनीय टिप्पणी कर दी।
कार्यक्रम में विधायक ने आजादी के समय की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा- 'सिंधी मुसलमान का इतिहास हमेशा वफादारी का नहीं रहा है, गद्दारी का रहा है।' इससे समाज के लोगों में काफी नाराज़गी है। एक चुने हुए विधायक का किसी जाति, समाज के लिए अपमानजनक टिप्पणी करना बेहद गंभीर मामला है। राहुल गांधी की मोदी पर टिप्पणी के बाद कांग्रेस विधायक के भी एक जाति विशेष पर अशोभनीय टिप्पणी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सिंधी-मुसलमानों पर विवादित टिप्पणी, गुलाब चंद कटारिया की तारीफ
अमीन खान ने आगे कहा कि राजा-महाराजाओं के समय में सरहदी इलाके में एक मुसलमान का झगड़ा राजाओं से था, तो उसको मुसलमानों ने ही मारा था। एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक मौलवी का मर्डर सड़क पर बेरहमी से हिंदुओं ने नहीं मुसलमानों ने किया था। अमीन खान ने असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया की तारीफ करते हुए कहा कि वह कट्टर आरएसएस के हैं। विधानसभा में मेरी सबसे ज्यादा तारीफ असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने की। चुनाव में हार-जीत होती रहती है। इससे पहले भी मैं चार चुनाव हार चुका हूं। यह फैसला करना जनता का काम है।
असदुद्दीन ओवैसी की सभा पर निशाना-कहा पाकिस्तान का हाथ
AIMIM पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी राजस्थान दौरे और 11 मार्च को बाड़मेर जिले की शिव विधानसभा में सभा को लेकर क्षेत्रीय विधायक अमीन खान ने जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि उस सभा में पाकिस्तान का हाथ था। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते दिनों गागरिया में ओवैसी ने सभा की थी। कांग्रेस को हराने के लिए बाड़मेर जिले की बायतु, पचपदरा, चौहटन की सीट नहीं, शिव की सीट पर ही ओवैसी क्यों गए ? इसके पीछे कई मौलाना नाराज होंगे। इसमें पाकिस्तान का भी हाथ है। पाकिस्तान के मार्फत हैदराबाद के आदमी (ओवैसी) से बातचीत हुई है। उस रेफरेंस को लेकर मौलवी ताज मोहम्मद का आदमी उनसे मिला है। इसलिए वह गागरिया आए और सभा की।
अमीन खान बोले-वो चाहते हैं कि मुस्लिम और हिंदुओं के वोट के टुकड़े कर मुसलमानों का विधायक बना देंगे, लेकिन इनका बाप भी नहीं बना सकता। अमीन खान ने कहा कि शिव विधानसभा में मुसलमानों के 22 फीसदी और हिंदुओं के 80 फीसदी वोट हैं। इन लोगों को शर्म आनी चाहिए, जो इसमें टुकड़े करके मुसलमानों को विधायक बनाने की बात कहते हैं। इनका बाप भी विधायक नहीं बना सकता है। 80 फीसदी वोट जो फैसला करेंगे वही सही होगा। इसलिए चालाक आदमियों से सावधान रहो।
ओवैसी ने कहा कहा था ?
ओवैसी ने विधायक अमीन खान के लिए कहा था कि वह सोच रहे हैं कि बेटे को अगली बार शिव विधानसभा से विधायक बना देंगे। अब ऐसा नहीं होना है। क्योंकि चार साल बीत गए हैं। अब चुनाव में छह महीने बचे हैं। उसमें क्या काम कर लेंगे? ओवैसी ने कहा था कि आज की सभा के बाद अमीन खान घर के गेट पर खड़े होकर कहते हुए नजर आएंगे कि आ जाओ।