राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का सोमवार को राजस्थान में दूसरा दिन है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य रघुवीर मीणा चलते समय गिर गए। जिससे उनके हाथ की ऊंगली फ्रैक्चर हो गई।
दरअसल, कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य रघुवीर मीणा का चलते समय जूता खुल गया। जिसे पहनने के लिए वे नीचे झुके। इसी बीच पीछे से आ रहे यात्रियों के धक्के से मीणा का अचानक संतुलन बिगड़ गया और गिर गए। जिससे हाथ में चोट आई है। रघुवीर मीणा के साथ चल रहे यात्रियों और अधिकारियों ने उन्हें संभाला और तुरंत हॉस्पिटल ले गए। एक्सरे करवाने से पता लगा कि उनकी बाएं हाथ की बीच की अंगुली में फ्रैक्चर हो गया है।
बता दें कि राहुल गांधी और अन्य भारत यात्री सुबह छह बजे चाय नाश्ता लेकर 14 किलोमीटर दूर स्थित बालिबोरडा लंच स्थल के लिए निकल पड़े। रास्ते में राहुल ने आमजन से भी मुलाकात और बातचीत की। राजस्थान में भारत यात्रा की चाल में भी परिवर्तन देखने को मिलेगा। अभी तक यात्रा एक दिन में 25 किलोमीटर तक चलती थी लेकिन राजस्थान में इसको बढ़ाया गया है। अब यात्रा एक दिन में 34 किलोमीटर चलेगी।
यात्रा में सीएम अशोक गहलोत,प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित दर्जनों नेता चंवली शिविर में ही ठहरे। सुबह छह बजे राहुल के साथ कदम से कदम मिलाते हुए आगे बढ़े। इस अवसर पर मुंबई ताज होटल हमले की चश्मदीद गवाह देविका भी यात्रा में झालावाड़ के झालरापाटन पहुंची और उन्होंने राहुल से मुलाकात की। ताज होटल हमले की अहम गवाह होने के साथ ही देविका का अजमल कसाब की फांसी में इनका बड़ा अहम रोल रहा है। सुबह चंवली से रवाना होते समय राहुल गांधी उत्साह से भरे और आत्म विश्वास से लबरेज नजर आए।