सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र में 2,89,843 मतदाता हैं और 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। आरएलपी ने उम्मीदवार उतारकर मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है।
सरदारशहर विधानसभा के सभी 295 बूथों पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। वोटर शाम पांच बजे तक मतदान करेंगे। हालांकि, ठंड के वजह से यहां वोटिंग सुस्त दिखी। सुबह 11 बजे तक 19.87 प्रतिशत मतदान हुआ।
सरदार शहर क्षेत्र में सबसे ज्यादा जाट मतदाता हैं। संयोग है कि इस वक्त कांग्रेस-भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष जाट हैं, जबकि आरएलपी के संयोजक जाट हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया दोनों शेखावटी क्षेत्र के ही मूल निवासी हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ सिहाग ने बताया कि सरदारशहर उप चुनाव के लिए 797 दिव्यांग तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं को पोस्टल बैलेट जारी किए गए थे। जिनमें से 781 लोगों ने घर बैठे मतदान किया। उन्होंने बताया कि सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र में कुल 295 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। विधानसभा में कुल 289843 मतदाता हैं, जिनमें 152766 पुरुष और 137077 महिला मतदाता हैं। इसके अलावा 498 सर्विस वोटर्स हैं, जिनमें से 488 पुरुष और 10 महिला मतदाता हैं।