बीकानेर के लिए समस्या बने रेल फाटकों पर लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए जिला प्रशासन ने नई यातायात व्यवस्था लागू की थी। इसके विरोध में केईएम रोड के व्यापारियों ने दुकानें बंद कर विरोध जताया।
इस दौरान व्यापारियों ने कहा जिला प्रशासन की हठधर्मिता के कारण व्यापार को काफी नुकसान हो रहा है। व्यापारियों ने कहा कि कई दिन से लगातार प्रशासन से आग्रह कर नो पार्किंग जोन के आदेश को वापस लेने की मांग की जा रही है, लेकिन हमारी मांग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे परेशान होकर व्यापारियों को सड़क पर उतरना पड़ रहा है।
व्यापारियों ने बताया कि नो पार्किंग के आदेश के कारण हमारा व्यापार प्रभावित हो रहा हैं। नई व्यवस्था के कारण ग्राहक दुकानों पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। बता दें कि जिला प्रशासन ने रेल फाटकों के बंद होने के कारण शहर में जाम की स्थिति को देखते हुए केईएम रोड को नो पार्किंग जोन घोषित किया है। जिला प्रशासन की इस पहल का शहरवासी भी सराहना कर रहे हैं। उनका मानना है कि रेलवे क्रॉसिंग के बंद होने से यहां पहले घंटों जाम की स्थिति रहती थी, लेकिन नई व्यवस्था से यातायात सुगम हुआ है।