सालासर से मेड़ता सिटी के बीच श्रद्धालुओं से भरी बस का स्टेयरिंग फेल होने से वह खाई में उतर कर पेड़ से टकरा गई। हादसा बुधवार देर रात करीब 11:00 हुआ। इस दौरान बस में 25 यात्री सवार थे, इसमें 11 गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मेड़ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सीएससी में भर्ती कराया गया। वहीं कुछ गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बग्गड़ और पालियास के बीच जा रही बस के स्टेयरिंग ने अचानक काम करना बंद कर दिया। इससे अनियंत्रित बस खाई में उतर गई और एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में 11 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। बाकी अन्य के सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। गंभीर घायलों को एंबुलेंस की सहायता से मेड़ता सीएससी लाया गया। देर रात तक किए उपचार के बाद जोधपुर रेफर कर दिया गया।