सेल्फी लेने इस तरह पानी की टंकी पर चढ़ रहे युवा।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के जोधपुर में इन दिनों सेल्फी का शौक कुछ युवाओं के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। शहर के चौपासनी क्षेत्र के एक पार्क में बनी पानी की टंकी पर चढ़कर युवा सेल्फी ले रहे हैं। युवाओं की यह लापरवाही उनकी जान को खतरा बन सकती है।
दरअसल, गुरुवार को चौपासनी क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कार्यालय के सामने एक पार्क में बनी पानी की टंकी पर चढ़कर सेल्फी लेने की होड़ युवाओं में मच गई। यहां पहुंचे कई युवा बारी-बारी से सेल्फी लेने लगे। इस तरह का खतरनाक शौक देख वहां मौजूद लोगों की भीड़ लग गई। इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें नीचे उतरने की चेतावनी भी दी, लेकिन वे नहीं माने। सूचना के बाद विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो सेल्फी ले रहे लड़के वहां से भाग गए।
नशा करने वालों की लगी रहती है भीड़
लोगों ने बताया कि यह पार्क असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका है। सुबह से शाम तक पार्क में नशा करने वालों की भीड़ लगी रहती है। इससे पार्क में आने वाले अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब यहां पानी की टंकी पर चढ़कर युवाओं ने सेल्फी लेना शुरू कर दिया है। इतनी ऊंचाई पर चढ़कर सेल्फी लेना हादसे का कारण बन सकता है।