बूंदी शहर में इन दिनों लूटपाट की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। सदर थाना क्षेत्र के नैनवा रोड स्थित रजत गृह गेट नंबर एक में रहने वाली 77 साल की बुजुर्ग महिला के साथ बाइक सवार दो युवकों ने सोना चमकाने के नाम पर लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। युवक महिला के गले से दो तोले की सोने की चेन लेकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सदर थाना पुलिस ने बुजुर्ग महिला के पुत्र की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सदर थाने के एएसआई शिवराज सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के नैनवा रोड रजत गृह कॉलोनी गेट नंबर 1 में रहने वाली बुजुर्ग महिला पार्वती बाई पत्नी सिद्धनाथ ने अपने पुत्र के साथ थाने आकर अपने साथ दो युवकों द्वारा सोना चमकाने के नाम पर दो तोले की सोने की चेन लूटने की रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया कि सुबह 10:55 बजे वह अपने घर के बाहर बैठी हुई थी। तभी दो मोटर साइकिल सवार युवक घर पर आते हैं और सोना चमकाने की बात कहते हैं, जिस पर बुजुर्ग महिला घर पर कोई नहीं है। अभी कुछ नहीं कराना बोलती है।
लेकिन दोनों युवा घर में घुस जाते हैं और महिला को सम्मोहित कर उससे चैन उतरवा लेते हैं तथा एक कटोरी में पानी लेकर उसमें हल्दी डाल देते हैं और कुछ करने लग जाते हैं। इतने में महिला चिल्ला जाती है। दोनों युवक मोटर साइकिल पर बैठकर फरार हो जाते हैं। वहीं, पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सदर थाना पुलिस ने महिला के पुत्र की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
बुजुर्ग महिला के साथ लूट की सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो युवक मोटर साइकिल पर आते नजर आते हैं, जिसमें आगे चलने वाले युवक ने हेलमेट लगा रखा है। दोनों युवक पैदल घर के आसपास घूमते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद वह सामने वाले मकान के बाहर लगी पट्टी पर बैठ जाते हैं। कुछ समय बाद महिला के पास जाते हैं और उससे बात करने लगते हैं। इसके बाद युवक घर के अंदर चले जाते हैं और फिर कुछ देर बाद ही घर से निकलकर मोटर साइकिल में बैठकर भागते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी है।