घटना के बाद कर्रवाई में जुटी पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala Digital
धौलपुर में गुरुवार दोपहर सदर थाना क्षेत्र में धौलपुर-भरतपुर हाईवे के किनारे घर से लापता हुए युवक का शव मिला। युवक का शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। शव को जंगली जानवरों ने क्षत-विक्षत कर दिया। हाईवे किनारे झाड़ियों में शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने मृतक की पहचान कराने के बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा दिया।
घटना को लेकर सदर थाने के सब इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह ने बताया कि हाईवे किनारे झाड़ियों से बदबू आने पर जब स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच कर देखा तो उन्हें युवक का शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस ने मृतक की पहचान कराई, जिसकी पहचान मनीष छाड़ी (42) पुत्र गणेश निवासी तगावली के रूप में हुई।
पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों से बात करने के बाद सब इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक तीन दिन पहले घर से लापता हो गया था। घरवाले उसकी तलाश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि शव करीब दो दिन से झाड़ियों में पड़े होने की संभावना है। जिसके चलते जानवरों ने उसे क्षत-विक्षत कर दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए युवक के शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी।