सचिन पायलट खेमे की नाराजगी के बीच एक बार फिर राज्य की अशोक गहलोत सरकार पर फोन टैपिंग के आरोप लगे हैं। ये आरोप लगाने वाले भी कांग्रेस के नेता ही हैं। पार्टी के विधायक वेदप्रकाश सोलंकी ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार पायलट समर्थक विधायकों के फोन टैप करा रही है।
सोलंकी ने कहा, 'हमारे दो-तीन विधायकों ने मुझसे कहा है कि उनके फोन टैप हो रहे हैं। उनकी जासूसी कराई जा रही है। सीआईडी के लोग हमारे विधायकों के घरों के चक्कर लगा रहे हैं। हमारे कई विधायकों ने कहा है कि उन्हें एसीबी ट्रैप का डर दिखाकर बदनाम करने की धमकियां दी जा रही हैं।'
'केंद्रीय नेतृत्व कमजोर हो तो नेता मनमानी करने लगते हैं'
भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि जब आपका केंद्रीय नेतृत्व कमजोर हो तो क्षेत्रीय नेता अपने मन की करने लगते हैं, इससे फर्क नहीं पड़ता कि आप उन्हें क्या संदेश दे रहे हैं, चाहे पंजाब की बात हो या राजस्थान की। बिना दृष्टिकोण के नेता पार्टी छोड़ेंगे और दूसरे दल में शामिल होंगे।
इसके साथ ही सचिन पायलट के भाजपा में शामिल होने के अनुमानों को लेकर राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि हमारी पार्टी (भारतीय जनता पार्टी) के दरवाजे उन सभी लोगों के लिए खुले हैं जिनकी प्राथमिकता देश हित है और जो अपनी विचारधार को बदल कर 'इंडिया फर्स्ट' पर करना चाहते हैं।