भाजपा विधायक सूर्यकांता व्यास ने एक महीने पहले सीएम गहलोत से की थी मुलाकात।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुष्करणा समाज के लिए ऐसा काम किया है, जो पहले के जमाने में राजा-महाराजा किया करते थे। ये बयान किसी कांग्रेस नेता का नहीं बल्कि जोधपुर के सूरसागर से भाजपा विधायक सूर्यकांता व्यास का है। विधायक सूर्यकांता ने हाल ही में सीएम अशोक गहलोत की जमकर तारीफ की। विधायक ने सीएम की तुलना राजा-महाराजाओं से करते हुए कहा कि अशोक गहलोत ने समाज पर बड़ा उपकार किया है।
दरअसल, दो दिन पहले सीएम गहलोत ने जोधपुर में पुष्करणा समाज की कुलदेवी उष्ट्र वाहिनी देवी मंदिर का जीर्णोद्धार करने के लिए 4.75 करोड़ रुपए के बजट को स्वीकृति दी थी। भाजपा विधायक सूर्यकांता व्यास इस बजट की स्वीकृति के लिए लगातार प्रयास कर रही थीं। 4.75 करोड़ का बजट स्वीकृति होने के बाद बुधवार को समाज के लोग विधायक का आभार जताने उनके आवास पर पहुंचे थे। इस दौरान भाजपा की वरिष्ठ नेता सूर्यकांता व्यास ने सीएम गहलोत की खुलकर तारीफ की।
विधायक व्यास ने कहा- राजस्थान के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुष्करणा समाज के लिए राजा-महाराजा जैसा काम किया है। उन्होंने 4 करोड़ 75 लाख रुपए का बजट दिया है। कुलदेवी की ये मूर्ति काफी ऐतिहासिक है, जिसे देखने के लिए टूरिस्ट आते हैं। जगह छोटी होने के कारण कई बार परेशानी होती है। आज वह सपना सीएम गहलोत ने साकार किया है।
पिछले महीने हुई थी मुलाकात
बतादें कि भाजपा विधायक सूर्यकांता व्यास ने पिछले महीने ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की थी। सीएम के पैर में चोट लगने पर विधायक कुशलक्षेम पूछने गई थीं।