घायल कंपाउंडर प्रवीण सिंह ने बताया कि वह मालू हॉस्पिटल से कार द्वारा अपने घर जा रहा था तभी एक बोलेरो गाड़ी कार के सामने आकर रुक गई और बोलेरो सवार दो युवक बाहर निकले और अचानक प्रवीण पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों के बारे में प्रवीण ने बताया कि मैं उन्हें नहीं जानता और मैंने उन्हें पहले कभी नहीं देखा था।
हमले में चाकू के दो वार प्रवीण के पेट में लगे हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें पहले मालू हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनकी हालत को देखते हुए उन्हें महात्मा गांधी हॉस्पिटल में रैफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रवीण के बयान दर्ज किए। पुलिस ने बताया कि प्रवीण ने दोनों हमलावरों को पहले कभी नहीं देखा था और वे उसके लिए अज्ञात थे। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।
इस घटना ने भीलवाड़ा में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द हमलावरों को गिरफ्तार करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।