जिले के मंगरोप थाना क्षेत्र में पुलिस और जिला विशेष टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने गुवारड़ी नाले के पास नाकाबंदी कर एक कार से 104 किलो अवैध डोडा-चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से कार में सवार तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मादक पदार्थ को छिपाने के लिए वाहन की डिकी में विशेष गुप्त चेंबर तैयार करवा रखा था। इस चेंबर के अंदर रखे दो कट्टों में अवैध डोडाचूरा भरा हुआ था। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार और बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है।
गुप्त सूचना पर की नाकाबंदी
मंगरोप थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि जिला विशेष टीम से चित्तौड़गढ़ की तरफ से एक कार में अवैध डोडाचूरा ले जाने की सटीक सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और जिला विशेष टीम के जवानों ने तुरंत गुवारड़ी नाले के पास पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम मौके पर मुस्तैद होकर संदिग्ध वाहन का इंतजार करने लगी। कुछ समय बाद चित्तौड़गढ़ की दिशा से एक सफेद रंग की कार आती हुई दिखाई दी।
पुलिस को देख भागने का प्रयास
सामने पुलिस टीम को खड़ा देखकर कार चला रहे व्यक्ति ने अचानक वाहन को वापस उल्टी दिशा में मोड़कर मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि मौके पर पहले से मुस्तैद जवानों ने कार को आगे बढ़ने से रोक लिया और उसमें सवार तीनों लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिसकर्मियों ने जब कार की बारीकी से तलाशी ली तो डिक्की में बना गुप्त चेंबर दिखाई दिया। चेंबर को खोलने पर उसके अंदर रखे दो कट्टों से कुल 104 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।
ये भी पढ़ें: कोटा हादसे: पीएम मोदी और सीएम भजनलाल ने जताया दुख, मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये की मदद का एलान
एनडीपीएस कानून में मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों की पहचान बागोर थाना क्षेत्र के जोरावरपुरा निवासी मोहन गाडरी और धर्मेंद्र के रूप में हुई है, जबकि तीसरा आरोपी रायला थाना क्षेत्र के भादु निवासी नौरतमल है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
सदर थाना प्रभारी को सौंपी जांच
मामले की आगे की विस्तृत जांच सदर थाना प्रभारी सीआई प्रहलाद सहाय को सौंपी गई है। जांच अधिकारी और पुलिस टीम अवैध डोडाचूरा की इस खेप की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं तथा मादक पदार्थ की तस्करी के पूरे नेटवर्क की गहराई से जानकारी जुटाने में लगी हुई है।