रोडवेज बस स्टैंड पर ब्यावर की बस में चढ़ते समय बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला के बैग पर कट मारकर 40 लाख रुपये से अधिक के सोने के जेवरात और नकदी चुरा ली। पीड़ित दंपती नागौर जिले के पादूकलां गांव के रहने वाले हैं और गुजरात में एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। वारदात के बाद पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बस में चढ़ते समय बैग काटकर चोरी
नागौर के पादूकलां निवासी 72 वर्षीय सुशीला सोनी अपने पति घनश्याम सोनी के साथ गुजरात जाने के लिए घर से निकले थे। वे अजमेर बस स्टैंड पर ब्यावर जाने वाली बस में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। उसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने सुशीला के हाथ में मौजूद बैग पर कट मारकर चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के अनुसार बैग में 150 ग्राम सोने के आभूषण, 30 ग्राम का चूड़ी पाडला, 40 ग्राम का चेन पेंडेंट, 20 ग्राम वजन की छह अंगूठियां और एक सोने का हार रखा था। इसके अलावा बैग में मोबाइल फोन, पर्स और 5,000 रुपये की नकदी भी रखी हुई थी।
ये भी पढ़ें: राजस्थान: 'भाजपा ने सेमीफाइनल बताया था, जनता ने फाइनल की राह दिखा दी', पंचायत चुनाव पर बोले प्रहलाद गुंजल
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना किया। सिविल लाइंस थाने के सहायक उपनिरीक्षक मनीराम ने बताया कि पीड़िता सुशीला सोनी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम बस स्टैंड परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।