फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bharatpur News: निजी अस्पताल में महिला की मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा, ऑपरेशन के नाम पर वसूले 62 हजार

Wed, 28 Aug 2024 09:57 PM IST
अरविंद कुमार न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, भरतपुर

सार

राजस्थान के भरतपुर जिले में स्थित एक निजी अस्पताल में महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। वहीं, आरोप लग रहा है कि अस्पताल ने महिला के ऑपरेशन के नाम पर 62 हजार रुपये वसूले हैं।
विज्ञापन
पुलिस और परिजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भरतपुर के एक निजी अस्पताल में महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। मृतका की बॉडी को लेकर परिजन धरने पर बैठ गए। सूचना पर सीओ ग्रामीण और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। समझाइश कर मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में लेकर पहुंचे। लेकिन पुलिस ने जब मामला दर्ज नहीं किया तो मृतका के परिजन बड़ी संख्या में वापस दोपहर को निजी अस्पताल पहुंचे। जहां शव को अस्पताल परिसर में रखकर हंगामा किया।

विज्ञापन


ग्रामीणों की समझाइश पर परिजन काफी देर बाद पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हुए। हंगामे की सूचना पर मथुरा गेट और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल के चिकित्सक का कहना है, गर्भवती महिला जब अस्पताल में भर्ती हुई तो हालत गंभीर थी। उसका ऑपरेशन किया गया, लेकिन परिजन जयपुर दिखाने के लिए ले जा रहे थे और उन्होंने ऑक्सीजन का पाइप निकाल दिया, ऐसे में महिला की मौत हो गई।

विज्ञापन


महिला डोली (20) के पति कृष्णा ने बताया कि उसकी शादी एक साल पहले ही हुई थी। मंगलवार को डोली को डिलीवरी के लिए शहर के जिंदल हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। शाम करीब चार बजकर 45 मिनट पर डोली ने एक लड़के को जन्म दिया। लेकिन पैदा होते ही बच्चे की मौत हो गई, जिसके बाद डॉक्टर ने बताया कि डोली की हालत भी नाजुक है। इसलिए उसे वेंटिलेटर पर लेना पड़ेगा। तब अस्पताल वालों ने डोली को वेंटिलेटर पर ले लिया।

ऑपरेशन के नाम पर वसूले 62 हजार रुपये
कृष्णा ने बताया, अस्पताल वालों ने ऑपरेशन के 42 हजार रुपये पहले ही ले लिए थे। बुधवार सुबह डॉक्टर बोले कि महिला की हालत नाजुक है, इसे जयपुर रेफर करना पड़ेगा। उसके वेंटिलेटर का चार्ज जमा करवा दें, जिसके बाद डोली के परिजनों ने 20 हजार रुपये और जमा कर दिए। जैसे ही डोली को सुबह 11 बजे जयपुर ले जाने के लिए बाहर लाया गया तो उसका शरीर नीला पड़ा हुआ था।

परिजनों ने बताया कि महिला को बाहर लाने पर पता चला कि उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी। उसके बाद भी अस्पताल वालों ने उनसे पैसे ले लिए, जिस पर महिला के परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा कर दिया। घटना की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करवाया गया। लेकिन दोबारा मृतका के परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे, जहां शव रखकर कार्रवाई की मांग की। सीओ ग्रामीण आकांक्षा ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कहकर परिजनों को शव का पोस्टमॉर्टम कराने के लिए राजी किया, तब जाकर मामला शांत हुआ।
विज्ञापन


जिंदल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. लोकेश जिंदल का कहना है कि महिला हमारे अस्पताल गंभीर हालत में भर्ती हुई थी। महिला की तबीयत को देख ऑपरेशन किया गया। बच्चा विकलांग था और उसे बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन उसकी मौत हो गई। महिला को परिजन जयपुर दिखाने के लिए ले जा रहे थे तो अस्पताल परिसर में परिजनों ने महिला के ऑक्सीजन नली निकाल दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें