मीडिया से बात करतीं विधायक कृष्णा पूनिया और अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
क्रीडा परिषद की अध्यक्ष और विधायक कृष्णा पूनिया बुधवार को अजमेर आईं। इस दौरान मीडिया से बातचीत से उन्होंने कहा कि सीएम की बजट घोषणाओं के अनुसार जिला मुख्यालय पर जिम की स्थापना की जाएगी। बजट घोषणाओं को धरातल पर लागू करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए भामाशाह भी अहम भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि सरकार और क्रीड़ा परिषद खेल व खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए उच्च तकनीक से प्रशिक्षण देने और हर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। जिससे राजस्थान को अधिक से अधिक पदक मिले। पूनिया ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने के लिए कई योजनाएं प्रारंभ कर रही है।
कृष्णा ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने खिलाड़ियों को पेंशन, विजेताओं को नगद इनाम, सरकारी नौकरी के साथ अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है। कृष्णा पूनिया ने चंद्रवरदाई स्टेडियम और पटेल स्टेडियम का दौरा कर वहां होने वाली गतिविधियों की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर क्रीड़ा परिषद की अध्यक्ष कृष्णा पूनिया के साथ मुख्य खेल अधिकारी व द्रोणाचार्य अवार्ड विजेता वीरेंद्र पूनिया, श्याम वीर सिंह, रणविजय सिंह, अभिमन्यु चौधरी, अनिरूद्ध जगधारी, तेजराज सिंह, महिपाल सिंह, प्रवीन शर्मा, ओमप्रकाश बारिया सहित बड़ी संख्या में खेल अधिकारी मौजूद थे।