अवध एक्सप्रेस कोटा के डकनिया स्टेशन से शनिवार को बिना रुके ही रवाना हो गई थी। इस मामले में चालक और सहचालक को निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
इसके बाद चालक ने ट्रेन को खड़ा किया लेकिन तब तक ट्रेन डकनिया से करीब दो किलोमीटर दूर जा चुकी थी। ट्रेन को उल्टी दिशा में धीरे-धीरे चला कर वापस प्लेटफार्म पर लाया गया। इसके बाद यात्री ट्रेन में चढ़े और उतरे। इस घटना के चलते ट्रेन में करीब आधे घंटे की देरी हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से चालक और सहचालक को निलंबित कर दिया लेकिन इसके बाद भी अधिकारियों ने चालक और सह चालक को मौके पर या सबसे पहले स्टेशन पर ड्यूटी से उतारना जरूरी नहीं समझा। इसके चलते निलंबित होते हुए भी चालक और सहचालक ट्रेन को रतलाम तक चला कर ले गए।
सूत्रों ने इसे एक गंभीर मामला बताया है। जब तक घटना के कारणों का सही पता नहीं चल जाए, तब तक निलंबित दोषी चालकों से ट्रेन संचालन नहीं कराया जा सकता। इससे ट्रेन के आगे और दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। लेकिन अधिकारियों ने दोषी चालकों से ट्रेन संचालन करवा कर सैकड़ों यात्रियों की जान को दांव पर लगा दिया। अधिकारियों ने इस मामले में पूरी तरह संरक्षा की अनदेखी की है। सूत्रों ने बताया कि दोनों चालक गंगापुर के थे।
बता दें कि मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों के लिए डकनिया स्टेशन पर स्टार्टर सिग्नल नहीं है। यहां पर चालकों को बिना सिग्नल के ही ट्रेन रोकने और रवाना होने के आदेश हैं लेकिन इसके बाद भी चालकों ने यहां पर ट्रेन रोकना जरूरी नहीं समझा।