राजस्थान में सर्दी बढ़ने का सिलसिला तेज हो गया है। प्रदेश में शीतलहर के चलते अब लोगों को तेज सर्दी होने का अहसास होने लगा है। प्रदेश में ठंड के साथ-साथ घना कोहरा भी अब छाने लगा है। वहीं, तापमान में लगातार हो रही गिरावट से दिन में ठिठुरन बढ़ने लगी है।
बता दें कि राजस्थान के अधिकतर जिलों में कोहरा तेज होने से विजिबिलिटी भी कम होने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो तीन दिनों में पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। ऐसे में लोगों को सचेत रहने की जरूरत है।
शीतलहर और कोहरा का असर दिखेगा...
मौसम एक्सपट्र्स का मानना है, प्रदेश में अब शीतलहर और कोहरा का असर दिखेगा। इधर, हिल स्टेशन माउंटआबू में आज लगातार तीसरे दिन पारा जमाव बिंदु पर रहा। उत्तरी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। इससे कई जगहों पर दोपहर तक सूरज देखने को नहीं मिला।
उत्तर भारत में इस सर्दी के सीजन में कोई बड़ा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस नहीं आया, लेकिन इस बीच नॉर्दन विंड के चलने सर्दी तेज हो गई। सर्द हवाओं से गलन-ठिठुरन बढ़ी है। इससे प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। सर्द हवाओं का असर सरहदी जिलों में सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। बीकानेर में आज न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीकानेर में इस सीजन का यह सबसे कम तापमान है। 22 दिसंबर को यहां का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे आया था।
2-3 दिन प्रदेश में होगा मौसम में फिर बदलाव...
राजस्थान के हिल स्टेशन माउंटआबू की बात करें तो यहां पारा लगातार दूसरे दिन जीरो डिग्री पर है। माउंट आबू में सर्दी बढ़ने के चलते अब लोग अलाव का सहारा भी लेने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले 2-3 दिन प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। वहीं, राज्य के झुझुनूं, सीकर, अलवर, नागौर, गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और चूरू सहित प्रदेश के कुछ जिलों में सुबह से ही घना कोहरा होने से लोगों को सुबह-सुबह परेशानियों का भी सामना करना पड़ा।
पांच शहरों में कोल्ड-डे की शुरुआत...
राजस्थान में पिछले दो-तीन दिन से लगातार चल रही सर्द हवाओं और कोहरे के कारण यहां कोल्ड-डे की शुरुआत हो गई। गंगानगर, हनुमानगढ़, पिलानी के बाद अब चूरू, अलवर में भी दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने लगा है। कल दिन का सबसे कम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस हनुमानगढ़ में रिकॉर्ड हुआ। इधर सिरोही, बीकानेर, सीकर, जयपुर में दिन का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज हुआ।
जानिए आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम...
मौसम विभाग जयपुर केंद्र से मिली मुताबिक, अभी आने वाले दिनों में और ठंड बढ़ेगी। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में फिर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे उत्तरी हवाएं मैदानी इलाकों में पहुंचने लगेगी और तापमान में गिरावट होगी। राजस्थान में अच्छी ठंड पड़ने लगी है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी आने वाले दिनों में ठंड और पड़ेगी।