पुष्कर की सभा में खेल मंत्री अशोक चांदना पर जूते-चप्पल फेंकने के मामले को लेकर सियासत गरम है। यहां तक की मंत्री अशोक चांदना ने सचिन पायलट को खुलेआम धमकी दे डाली थी। अब पुलिस ने जूते-चप्पल फेंकने वालों पर कार्रवाई की है। पुष्कर थाना प्रभारी ने पांच नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार पांच आरोपी बस्सी-जयपुर निवासी गोपाल गुर्जर, रामपुरा निवासी सांवरलाल गुर्जर, डमाड़ा निवासी गिरधारी गुर्जर, पुष्कर, तिलोरा निवासी विक्की गुर्जर और जगमाल गुर्जर हैं। 12 सिंतबर को किरोडीलाल बैंसला के अस्थि विसर्जन से पहले सभा आयोजित की गई। इसी दौरान पायलट समर्थकों ने खेल मंत्री अशोक चांदना पर जूते-चप्पल और बोतल फेंक दिया।
पुष्कर थाना सीआई रविश सामरिया ने रिपोर्ट में बताया कि किरोडीलाल बैंसला के अस्थि विसर्जन के दौरान मेला स्टेडियम में सभा का आयोजन हुआ। इसमें पांच कार्यकर्ताओं और अन्य ने जन प्रतिनिधियों के भाषण के दौरान व्यवधान पैदा किया। उन्होंने 'सचिन पायलट जिन्दाबाद' और 'सचिन नहीं तो कोई नहीं' के नारे लगाए। उन्होंने बैरिकेडिंग तक तोड़ दिए। पुलिस के समझाने के बावजूद पायलट समर्थक बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद नियंत्रण कर जनप्रतिनिधियों की जान माल की सुरक्षा की।
बता दें कि पुष्कर में गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के अस्थि विसर्जन के दौरान सभा हुई। समर्थक सचिन पायलट जिंदाबाद के नारे शुरुआत से ही लगा रहे थे। उद्योग मंत्री शकुंतला रावत भाषण देने आईं तो उन्हें समर्थकों ने भाषण नहीं देने दिया। इसके बाद खेल राज्य मंत्री अशोक चांदना भाषण देने के लिए आए तो समर्थकों ने जूते और अन्य सामान फेंक दिया और वे फिर से पायलट जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। चांदना को भाषण बीच में ही छोड़ना पड़ा।