अजमेर में अपनी बहन के साथ मेला देखने गई लड़की का अपहरण हो गया। अपहरणकर्ता ने लड़की के पिता से फिरौती मांगी है। वहीं धमकी दी कि अगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई तो वह उसे बदनाम कर देगा।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार चांवडिया निवासी एक व्यक्ति ने मसूदा थाने में रिपोर्ट दी। उसने बताया कि उसकी बेटियां सतावडिया में तेजाजी महाराज का मेला देखने गई थी। मेले में पहले से ही घात लगाकर बैठे प्रतापपुरा निवासी ओमप्रकाश पुत्र रामा ने उसकी 15 साल की बेटी का किडनैप कर लिया। उस समय दूसरी बेटी भी साथ थी। दूसरी बेटी ने विरोध तो आरोपी ने उसे धक्का देकर गिरा दिया। उसके बाद आरोपी पहली बेटी को मोटरसाइकिल पर लेकर फरार हो गया। दूसरी बेटी ने घर आकर परिजनों को बताया। परिजनों ने बेटी को ढूंढा लेकिन वह नहीं मिली।
पीड़ित पिता ने बताया कि 10 सितंबर को दोपहर दो बजे किडनैपर का कॉल आया। उसने कहा कि उसकी बेटी उसके कब्जे में है। जो पैसा चाहिए, खाता संख्या बताता हूं, उसमें डाल देना। पिता ने पुलिस को जल्द से जल्द बेटी को ढूंढने को कहा है। उनका कहना है कि उसकी बेटी अबोध है, ऐसे में आरोपी उसके साथ कुछ गलत कर सकता है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।