एसीबी ने सिरोही में बड़ी कार्रवाई की है। जिले के मंडार थानाधिकारी अशोक सिंह को चार लाख रुपए की रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया गया है। एसीबी ने थानाधिकारी के साथ एक वकील और एक दलाल को भी पकड़ा है। आरोपियों ने पीड़ित से दुष्कर्म केस को हल्का करने की एवज में 10 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार जालोर एसीबी के एसीपी महावीर सिंह राणावत ने बताया कि पीड़ित मुकेश प्रजापत ने उनको शिकायत दी थी। उसने बताया कि उसके खिलाफ गुजरात की एक महिला ने मंडार थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। इस केस में मदद करने और मामले को हल्का करने की एवज में मंडार थाना प्रभारी एसआई अशोक सिंह चारण, एडवोकेट अभिमन्यु सिंह ने दलाल अनिल सिंह के जरिए 10 लाख रुपए मांगे। परिवादी ने बताया कि तीनों आरोपी रिश्वत देने के लिए उसे परेशान कर रहे हैं। इसके बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन कराया।
पीड़ित से पांच लाख रुपये लेने का सौदा किया गया। जिसमें से एक लाख रुपये मंगलवार को दिए गए। वहीं चार लाख रुपये बुधवार को देना तय हुआ। इसी दौरान एसीबी ने आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप की कार्रवाई की। पीड़ित बुधवार सुबह चार लाख रुपए लेकर आरोपियों को देने गया। जैसे ही एडवोकेट और दलाल ने चार लाख रुपए लिए, एसीबी ने दोनों को दबोच लिया। वहीं जोधपुर एसीबी की टीम ने मंडार थाने से अशोक सिंह को हिरासत में ले लिया। एसीबी सभी आरोपियों को लेकर सिरोही पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।