झालावाड़ में तीन थानों की पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने घोड़ी के दानों पर जुआ खेलते 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जुआरियों के पास से 12 मोबाइल फोन और 93 हजार 610 रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से 16 वाहन भी जब्त किए गए हैं।
झालावाड़ एसपी मोनिका सेन ने बताया कि मंगलवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि थाना गंगधार क्षेत्र में घोड़ी के दाना पर रुपयों का दांव लगाकर सट्टे का संचालन किया जा रहा है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रकाश शर्मा के निर्देशन पर थाना पिड़ावा, पनवाड़, गंगधार और डीसटी की टीम गठित की गई। सूचना के अनुसार पुलिस ने कुण्डला रोड पर बाबा रामदेव मंदिर के पीछे दबिश दिया, जहां मौके से घोड़ी दाना पर जुआ खेल रहे 12 लोगों को गिरफ्तार कर आरपीजीओ एक्ट के तहत थाना गंगधार पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के अपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क के बारे में जांच की जा रही है।
इन्हें किया गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से थाना उन्हेल निवासी श्याम सिंह पुत्र चन्दर सिंह (35), थाना गंगधार निवासी भंवर सिंह पुत्र रणजीत सिंह (25), सुनील जैन पुत्र सुभाष जैन (45), राजू भावसार पुत्र महेश (38), इमरान पुत्र इशाक मोहम्मद (38), आबिद खान पुत्र शकील खान (40), कृपाल सिंह पुत्र सुजान सिंह (38), जाफर खान पुत्र गफर खान (57), राजेंद्र पासी उर्फ राजू पासी पुत्र बाबूलाल (54) व अमन निगम उर्फ विक्की पुत्र राजकुमार (20) और मध्य प्रदेश निवासी पुर सिंह पुत्र उमराव सिंह (32) और शकील अहमद पुत्र अल्ली हुसैन को गिरफ्तार किया गया है।