पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी की गोद में बैठा नामी गैंगस्टर हरविंदर रिंदा अब बब्बर खालसा का कुख्यात आतंकी बन चुका है, लेकिन पंजाब में नामी गैंगस्टरों समेत 27 बदमाश रिंदा के संपर्क में है।इतना ही नहीं, एजेंसियों को आशंका है कि रिंदा का पंजाब में गैंगस्टरों के जरिये जमीनी स्तर पर जबरदस्त नेटवर्क है। उसके नेटवर्क से करीब 1500 युवा जुड़े हुए हैं। इसका पूरा फायदा पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ले रही है। लिहाजा, पंजाब की काउंटर इंटेलिजेंस के अलावा केंद्रीय खुफिया एजेंसियों का सिरदर्द बढ़ गया है।
दरअसल, रिंदा पंजाब में नामी गैंगस्टर रहा है, उस पर 50 हजार रुपये का नकद इनाम भी था। पंजाब के नामी गैंगस्टर दिलप्रीत ढाहा, जयपाल भुल्लर, प्रदीप चाना, गुरजोत गरचा, हरजिंदर सिंह आकाश के साथ संबंध हैं। पंजाब की खुफिया एजेंसियों को मोबाइल कॉल्स में काफी रिंदा के मिले हैं। इनमें जयपाल भुल्लर को पंजाब पुलिस की टीम ने कोलकाता में मुठभेड़ में मार गिराया था और उसके मोबाइल में हरविंदर रिंदा का नंबर मिला था। इतना ही नहीं, जयपाल भुल्लर की मौत के बाद उसके पूरे नेटवर्क को टीम रिंदा ही संभाल रही है।
पंजाब पुलिस ने अपने डोजियर में हरविंदर सिंह रिंदा को ए प्लस स्तर का गैंगस्टर बताया है। डोजियर के मुताबिक हरविंदर सिंह रिंदा काफी खूंखार किस्म का गैंगस्टर था और इसीलिए उसे ए प्लस कैटेगरी में रखा गया। भारत से फरार होने के पहले तक पंजाब और महाराष्ट्र में कुल 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें हत्या, किडनैपिंग, हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। डोजियर में हरविंदर सिंह रिंदा के 27 एसोसिएट का भी उनकी फोटो के साथ जिक्र किया गया है, जो पंजाब और महाराष्ट्र में आपराधिक वारदात को अंजाम देते हैं। इसमें पंजाब के नामी गैंगस्टर भी शामिल हैं। करनाल पुलिस ने जिस गुरप्रीत को विस्फोटक के साथ पकड़ा है, उसका नाम भी डोजियर में हरविंदर सिंह रिंदा के एसोसिएट की लिस्ट में शामिल है।
दरअसल, जितनी देर रिंदा भारत में रहा, उसके नाम का खौफ था। चंडीगढ़ में सतनाम सिंह हत्याकांड की वीडियो वायरल हुआ, जिसमें गैंगस्टर दिलप्रीत बाबा के साथ गैंगस्टर हरविंदर सिंह रिंदा भी था। रिंदा के साथ पंजाब में काफी युवा जुड़े हुए थे, जिनके बल पर वह दहशत मचाता था।
जब इंस्पेक्टर नरेंद्र पटियाल ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो रिंदा ने उन्हें ही मारने की प्लानिंग कर ली थी। पुलिस इस 50 हजार के इनामी बदमाश रिंदा को दबोच नहीं सकी। अब रिंदा ने दिलप्रीत आकाश के साथ मिलकर सतनाम की हत्या कर दी थी। पंजाब से लेकर महाराष्ट्र तक रिंदा ने अपने नेटवर्क को तैयार कर रखा था। पंजाब में गैंगस्टर रहे रुपिंद्र गांधी के भाई कांग्रेसी नेता मनमिंदर सिंह की खन्ना के गांव रसूलड़ा में हत्या के 28 घंटे बाद रिंदा गैंग के गुरजोत गरचा ने फेसबुक पर हत्या की जिम्मेदारी लेकर लिखा कि इस हत्याकांड में हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा संधू का हाथ है। हत्या के पीछे रंजिश का हवाला दिया गया। इसके साथ ही गैंगस्टर गुरजोत ने फेसबुक पर धमकी भी दी कि अगर कोई व्यक्ति उनके खिलाफ चलेगा तो उसे भी देख लेंगे।
पंजाब के छात्रों की राजनीति में रिंदा की दखलंदाजी पूरी रही है और एजेंसियों के लिए भी यह चिंता बनी हुई है। 28 अप्रैल 2016 को पंजाब यूनिवर्सिटी में जारी फैशन शो के दौरान सोई और सोपू समर्थकों में मारपीट हुई थी। गैंगस्टर हरिवंदर सिंह रिंदा ने साथियों के साथ मिलकर सोपू को स्पोर्ट करते हुए सोई लीडर गोदरा को गोली मारकर घायल किया था। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने रिंदा समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था व रिंदा को भगोड़ा करवाकर 50 हजार रुपये इनाम रखवाया था। एजेंसियों के एक उच्च अधिकारी के मुताबिक रिंदा प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से कम से कम 1500 युवाओं से जुड़ा हुआ है और उसने पाकिस्तान पहुंचने के बाद भी अपने नेटवर्क को कमजोर नहीं होने दिया, बल्कि मजबूत रखा है। इसके लिए एजेंसियों की टीमें लगातार वर्क कर रही हैं और पूरा नेटवर्क खंगाला जा रहा है।