पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग शनिवार को माल रोड एसोसिएशन के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह उर्फ मेला के घर शोक व्यक्त करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब के गृह मंत्री एवं पंजाब पुलिस की नालायकी के कारण हर रोज राज्य में हत्याएं हो रही हैं।
वड़िंग ने कहा कि वे आज पीड़ित परिवार के साथ शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। परिवार ने उन्हें बताया कि पुलिस ने अभी तक उनको हत्या का मुख्य कारण भी नहीं बताया है। उनकी जान भी खतरे में है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने बदलाव के लिए आप सरकार को चुना था लेकिन राज्य सरकार के कामों से नाखुश लोगों को बदलाव कहीं नजर नहीं आ रहा है।
यह भी पढ़ें: Punjab: बठिंडा में किसानों ने सरकारी अधिकारी से जलवाई पराली, गुस्साए सीएम मान बोले-पर्चा दर्ज होगा
उन्होंने कहा कि मूसेवाला से लेकर आम लोगों तक की हत्याएं की जा चुकी हैं, लेकिन सरकार और पुलिस उक्त घटनाओं को रोकने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पंजाब के लोगों ने वोट देकर चुना है न कि दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार करने के लिए सीएम बनाया है। मुख्यमंत्री सरकार चलाने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह को चुनाव के समय याद आ जाता है कि पंजाब में हालात खराब हैं लेकिन उन्होंने कभी पंजाब में बिगड़ रही कानून व्यवस्था को लेकर कदम नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बेअंत सिंह सरकार ने बड़ी मुश्किल से पंजाब को बुरे दौर से निकाला था लेकिन अब फिर साजिश के तहत पंजाब को बुरे दौर में धकेला जा रही है।
पंजाब का हर व्यापारी डर के माहौल में
वड़िंग ने कहा कि आज के मौजूदा माहौल को लेकर पंजाब का हर व्यापारी डर में है। पंजाब सरकार को कानून व्यवस्था के मामले पर गंभीर होकर उचित कदम उठाने पडे़ंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि कोई भी किसान पराली को आग ना लगाए। किसानों द्वारा जबरदस्ती एक अधिकारी से पराली को आग लगवाए जाने के मामले पर राजा वड़िंग ने कहा कि अगर ऐसा कुछ हुआ है तो वो गलत है। वड़िंग ने कहा कि जबरदस्ती आग लगवाना तो गुंडागर्दी है। उन्होंने कहा कि सरकार पराली संबंधी उचित कदम उठाने चाहिए लेकिन सरकार तो सिर्फ विज्ञापन देकर अपना पल्ला झाड़ रही है।