बठिंडा के भगता भाईका में तीन बसों में लगी थी आग।
- फोटो : फाइल
बठिंडा के भगता भाईका में तीन बसों को आग लगने के मामले में पुलिस ने आरोपी अवतार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी न्यू मालवा बस कंपनी की बसों में बतौर चालक काम करता था। उसने बस कंडक्टर के बैग से पैसे चोरी कर खाली बैग को आग लगाकर बसों के नीचे फेंक दिया था, जिससे एक के बाद एक तीन बसों को आग लग गई। अब पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करेगी।
करीब दस दिन पहले भगता भाईका के बस स्टैंड में खड़ी न्यू मालवा कंपनी की तीन बसें जल गई थीं। इसमें से दो बसें कंपनी ने नई खरीदी थी। आरोपी अवतार सिंह कंपनी में बतौर चालक काम करता था। उस पर पहले भी बसों में से डीजल चोरी करने के आरोप लगे थे। बसों को आग लगने की घटना के बाद अवतार सिंह फरार था। पुलिस से जुडे़ सूत्रों ने बताया कि कंपनी के प्रबंधकों की तरफ से मामले में पुलिस के पास अवतार सिंह के खिलाफ शिकायत दी गई तो पुलिस ने बुधवार देर शाम को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने माना कि उसने उस दिन बस कंडक्टर के बैग से पैसे चोरी कर लिए थे और खाली बैग को लाइटर से आग लगाकर एक बस के नीचे फेंक दिया था। बैग को लगी आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया जिस के बाद उक्त बस ने पास में खड़ी दो और बसों को अपनी चपेट में ले लिया था। इसमें एक कंडक्टर जिंदा जल गया था। आरोपी ने बताया कि उसने खाली बैग को इसलिए बस के नीचे फेंक दिया था ताकि चोरी का सबूत मिट जाए। घटना के बाद थाना दयालपुरा पुलिस ने न्यू मालवा कंपनी के प्रबंधकों के बयान पर प्राथमिक तौर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।
थाना दयालपुरा में एसएचओ आईपीएस दर्पण आहलुवालिया ने बताया कि पुलिस ने मामले में अवतार सिंह को नामजद कर लिया है। आरोपी पर बसों से डीजल चोरी करने का आरोप भी लगा था। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी संबंधी किसी तरह की कोई पुष्टि नहीं की। लेकिन पुलिस से जुडे़ सूत्रों के अनुसार, आरोपी अवतार को पुलिस गुरुवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करेगी।