पटियाला। पटियाला के विद्या नगर करहेड़ी के रहने वाले एक दंपती ने कई लोगों को बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 98 लाख रुपये ठग लिए। थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो साल बाद आरोपी दंपती को नामजद किया है। दोनों फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
हरविंदरजीत सिंह निवासी गांव जसोवाल ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका एक जान-पहचान का व्यक्ति आरोपी महिला गोगी कौर निवासी विद्या नगर करहेड़ी के पास ड्राइवरी करता था। जिसके कारण उसकी साल 2017 में महिला साथ मुलाकात हुई थी। कई माह तक बातचीत के बाद गोगी कौर ने उसे भरोसे में लिया और झांसा दिया कि वह अगर किसी को बैंक में नौकरी पर लगवाना चाहता है, तो वह पैसे लेकर यह काम करा सकती है। गोगी कौर ने झांसा दिया कि वह स्टेट बैंक आफ इंडिया में नौकरी लगवा देगी, लेकिन इसके लिए प्रति व्यक्ति आठ लाख रुपये लेगी।
झांसे में आकर पीड़ित हरविंदरजीत सिंह ने अपनी भतीजीयों, रिश्तेदारों व दोस्तों को नौकरी लगवाने के लिए गोगी कौर को 98 लाख रुपये कैश दिए। जानकारी के मुताबिक आरोपी महिला ने जिन लोगों से पैसे लेने थे, उनमें से कुछ के एतराज करने पर उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिखाए। पैसे देने के बावजूद जब साल भर तक किसी की नौकरी नहीं लगी तो विरोध करके आरोपी महिला से पैसे वापस मांगे। जिस पर 2018 में महिला ने 75 लाख रुपये के चेक दिए। लेकिन बैंक में लगाने चेक बाउंस हो गए। बाद में मामला पुलिस तक पहुंचा और अब पुलिस ने करीब दो साल की जांच के बाद आरोपी गोगी कौर व उसके पति अमनदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।